स्वतंत्रता दिवस से पहले रेलवे स्टेशन पर सघन जांच, धारदार हथियार बरामद।
तोरवा पुलिस, GRP और RPF की संयुक्त टीम ने साउथ बिहार एक्सप्रेस में यात्रियों के सामान की ली तलाशी।
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बिलासपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर के रेलवे स्टेशन, ट्रेनों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को थाना तोरवा, GRP और RPF की संयुक्त टीम ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन और साउथ बिहार एक्सप्रेस में जांच अभियान चलाया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने ट्रेन में यात्रियों और उनके सामान की बारीकी से जांच की। चेकिंग के दौरान खतरनाक एवं धारदार हथियार बरामद होने पर उन्हें जब्त किया गया। पुलिस को इनपुट मिला था कि देवघर स्थित बाबा धाम से धारदार चाकू व अन्य हथियार लाकर उनका आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके बाद रेलवे क्षेत्र में निगरानी और चेकिंग बढ़ाई गई है।
स्टेशन से लेकर बस स्टैंड तक निगरानी
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों, बस स्टैंड और शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। पुलिस टीम यात्रियों के सामान की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा और किसी भी आपराधिक गतिविधि की रोकथाम के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहेंगी।
