शुष्क दिवस से पहले आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 345.5 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त।

बिलासपुर। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घोषित शुष्क दिवस से पहले आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ जिलेभर में अभियान तेज कर दिया है। आबकारी आयुक्त छत्तीसगढ़ रायपुर श्री पी.एस. एल्मा के निर्देश और कलेक्टर बिलासपुर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में आबकारी टीम ने 14 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 345.5 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की।
सीपत में 310 लीटर शराब जब्त: जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने नहरपारा सीपत निवासी सूरज वर्मा (30) के कब्जे से 150 लीटर तथा निलेश खरे (25) के कब्जे से 160 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
कोटा में भी कार्रवाई: वृत्त प्रभारी कोटा की टीम ने गोबरीपाट निवासी संजय कुमार पात्रे के कब्जे से 18.5 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
बिल्हा-सिरगिट्टी में 17 लीटर जब्त: वृत्त प्रभारी बिल्हा की टीम ने ग्राम खम्हारडीह निवासी कमल नेताम (44) के कब्जे से 8 लीटर और डडहा निवासी रमशीला धुरी (62) के कब्जे से 9 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
अवैध शराब पर कार्रवाई जारी रहेगी: कार्रवाई में जिला स्तरीय उड़नदस्ता प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री विशेश्वर साव, वृत्त बिल्हा प्रभारी श्री छबि लाल पटेल, वृत्त तखतपुर प्रभारी श्री धर्मेन्द्र शुक्ला, वृत्त कोटा प्रभारी श्री भूपेन्द्र जामडे, वृत्त सीपत प्रभारी श्री तेलेस्फोर एक्का सहित विभागीय अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी ने कहा कि जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
