24 घंटे में सुलझी बिजली तार चोरी की गुत्थी, 4 आरोपी गिरफ्तार।
सिरगिट्टी पुलिस की कार्रवाई; 1 किमी लंबा बिजली तार चोरी करने का आरोप, 4 बंडल तार और ओमनी कार जब्त

बिलासपुर। सिरगिट्टी पुलिस ने तिफरा सेक्टर-डी में बिजली पावर सप्लाई तार चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चार बंडल बिजली तार और वारदात में इस्तेमाल ओमनी कार क्रमांक CG 10 FA 2456 जब्त की है। चोरी किए गए तार की कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक तिफरा सेक्टर-डी में सड़क लाइट के लिए बिजली के पोल खड़े कर करीब एक किलोमीटर लंबा बिजली तार खींचा गया था। वर्तमान में पावर सप्लाई बंद थी। इसी दौरान 9-10 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोर करीब एक किलोमीटर लंबा बिजली तार चोरी कर ले गए। शिकायत पर थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 571/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों से पूछताछ में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने चार संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बिजली तार चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
ये आरोपी गिरफ्तार
- नीतेश पंडित (22) — निवासी अमोरा, थाना मुलमुला, जिला बिलासपुर।
- राजेश राय उर्फ रात्रे (32) — निवासी मुरलीडीह, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा।
- विकास साण्डे (22) — निवासी मुरलीडीह, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा।
- श्रीजीत जोशी (30) — निवासी विद्युत नगर तिफरा, वार्ड क्रमांक 08, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर।
पुलिस जांच में आरोपियों के विरुद्ध अकलतरा, मस्तूरी, मुलमुला और जांजगीर-चांपा थाना क्षेत्रों में भी अन्य अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बिजली तार चोरी के मामले का महज 24 घंटे में खुलासा हुआ।
