हत्या के प्रयास के फरार आरोपी शिवा ठाकुर को कोनी पुलिस ने दबोचा।
ग्राम पौंसरा स्थित घर से घेराबंदी कर गिरफ्तारी, प्रकरण में एक आरोपी पहले ही जा चुका है जेल।
बिलासपुर। थाना कोनी क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शिवा सिंह ठाकुर (33) को कोनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को उसके ग्राम पौंसरा स्थित निवास से घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह ने जिले में हत्या, चाकूबाजी एवं अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी कर रही थी।
बीयर की बोतल और हाथ-मुक्के से किया था हमला
पुलिस के मुताबिक, 29 अप्रैल 2026 को करीब शाम 3 बजे आरोपी अर्जुन ठाकुर एवं शिवा ठाकुर ने दीपक भार्गव के साथ गाली-गलौज करते हुए बीयर की बोतल एवं हाथ-मुक्के से मारपीट की थी। हमले में दीपक भार्गव को गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
अर्जुन ठाकुर पहले ही जा चुका है जेल
मामले में कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 मई 2026 को आदतन गुंडा-बदमाश अर्जुन सिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया था। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं, घटना के बाद से आरोपी शिवा सिंह ठाकुर लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
घर में छिपे होने की सूचना पर पहुंची पुलिस
12 अगस्त 2026 को कोनी पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी शिवा ठाकुर अपने ग्राम पौंसरा स्थित घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 205/2026, धारा 109, 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
शिवा सिंह ठाकुर, पिता मुन्ना सिंह ठाकुर, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम पौंसरा, थाना कोनी, जिला बिलासपुर।
