‘देश मेरा है’ की भावना से निभाएं जिम्मेदारी, 2047 के विकसित भारत में युवा बनें भागीदार : कलेक्टर
वंदे मातरम्-हर घर तिरंगा अभियान में युवाओं से संवाद, कलेक्टर-एसएसपी ने दिलाई तिरंगा शपथ; साइबर ठगी, नशे और सड़क सुरक्षा को लेकर किया जागरूक।

बिलासपुर। देश को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है। हर व्यक्ति यह महसूस करे कि देश उसका अपना है और राष्ट्र निर्माण में उसकी भी भूमिका है। युवाओं की ऊर्जा, विचार और रचनात्मकता देश को नई दिशा दे सकती है। यह बात कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सोमवार को साइंस कॉलेज के राघवेंद्र राव सभाभवन में आयोजित वंदे मातरम् एवं हर घर तिरंगा अभियान के तहत युवाओं से संवाद कार्यक्रम में कही।
कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बड़ी संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं एवं एनएसएस स्वयंसेवकों से संवाद किया और उन्हें तिरंगा शपथ दिलाई। कलेक्टर ने कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से मिली है। आजादी का मतलब मनमानी नहीं, बल्कि संविधान, कानून और नियमों का पालन करते हुए दूसरों के अधिकारों और सम्मान का ध्यान रखना भी है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करे तो 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करना संभव है। युवाओं को सरकार और समाज द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों का अनुशासन, विश्वास और सकारात्मक सोच के साथ उपयोग करना चाहिए। तिरंगा देश की एकता, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
लक्ष्य तय कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ें युवा : एसएसपी
एसएसपी रजनेश सिंह ने युवाओं से अपने जीवन का लक्ष्य तय कर दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करें तथा नशे से पूरी तरह दूर रहें।
उन्होंने साइबर अपराधों को लेकर भी युवाओं को सतर्क किया। एसएसपी ने बताया कि जिले में 11 से 15 अगस्त तक साइबर फ्रॉड जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अनजान लिंक, कॉल, मैसेज और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने की अपील की।
एसएसपी ने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए युवाओं से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी कई अनमोल जिंदगियां बचा सकती है। अनुशासन केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन के प्रति जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, एनएसएस विश्वविद्यालय समन्वयक मनोज सिन्हा, कॉलेज प्राचार्य अवनीश साव सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं एवं युवा मौजूद रहे।
