कन्या शाला में मनाया गया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, बच्चों को खिलाई गई कृमिनाशक दवा।
कोटा। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर आज कन्या शाला स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर अतिथि वार्ड पार्षद कान्हा संतोष गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष सरोज दुर्गेश साहू, प्रतीक त्रिवेदी, कोटा अस्पताल के बीएमओ डॉ. निखिलेश गुप्ता तथा शिक्षा विभाग के बीईओ सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद विद्यालय के सभी बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाली समस्याओं, बचाव के उपायों तथा स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी।
अतिथियों ने बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ भोजन एवं साफ पानी का सेवन करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाकर उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को सुनिश्चित करना रहा।
