कोटा। नगर पंचायत कोटा के वार्ड क्रमांक 4 में होली के दिन हुई घटना को लेकर अब नया मोड़ सामने आया है। जानकारी के अनुसार कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा वार्ड के पार्षद की छवि खराब करने की कोशिश किए जाने की बात सामने आ रही है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार होली के दिन कुछ युवकों द्वारा क्षेत्र के सुलभ शौचालय का नल तोड़ दिया गया और इलाके में हंगामा करते हुए महिलाओं के साथ अभद्र भाषा में गाली-गलौज की गई। इस घटना से परेशान होकर मोहल्ले के लोगों ने वार्ड पार्षद को फोन कर मौके पर बुलाया।
बताया जा रहा है कि सूचना मिलने पर जब पार्षद मोहल्लेवासियों की समस्या सुनने और स्थिति को शांत कराने मौके पर पहुंचे, तब वहां मौजूद असामाजिक तत्वों ने उनसे ही हुज्जतबाजी शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पार्षद ने लोगों को समझाने और माहौल शांत कराने की कोशिश की, लेकिन उत्पात मचा रहे युवकों ने अपनी गलती छिपाने के लिए उल्टा पार्षद पर ही मारपीट का झूठा आरोप लगाना शुरू कर दिया।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पार्षद हमेशा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहते हैं और इस तरह के झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की साजिश की जा रही है।
वार्डवासियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और मोहल्ले में उत्पात मचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो सके

