करगी रोड कोटा में दो दिवसीय विभाग स्तरीय खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिता सम्पन्न।
कोटा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करगी रोड कोटा में 16 एवं 17 अगस्त को दो दिवसीय विभाग स्तरीय खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए कुल 237 भैया-बहनों, आचार्यों एवं संरक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, ब्रह्म स्वरूप ॐ एवं मां सरस्वती के तेल चित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन विद्यालय के संरक्षक वेंकट लाल अग्रवाल ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती सरोज दुर्गेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष कोटा तथा विशिष्ट अतिथि प्रदीप कौशिक, नगर पालिका उपाध्यक्ष उपस्थित रहे। इसके अलावा अध्यक्ष अजय अग्रवाल, सचिव राम सजीवन गुप्ता, संस्थापक सदस्य मनजीत सिंह पवार एवं देवेंद्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष भगवान प्रसाद सक्सेना, सह सचिव एवं सदस्यगण सहित डॉ. लीलावती साहू तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में मुंगेली, सरगांव, कोनी, सकरी, कोटा सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्यालयों के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ खो-खो एवं कबड्डी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दो दिनों तक विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों के उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा।
विद्यालय के प्राचार्य राकेश पांडे के नेतृत्व में सभी आचार्य, दीदी, भैया-बहनों ने प्रतियोगिता को व्यवस्थित एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था विभाग समन्वयक श्री गेंदराम राजपूत के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सम्पन्न हुई।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार एवं सभी प्रतिभागियों ने हर्ष व्यक्त किया।
