बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, तिरंगे को दी सलामी,
शासकीय प्राथमिक शाला फिरंगीपारा व सेंट मैरी स्कूल में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, पार्षद भागवत साहू ने किया ध्वजारोहण।

कोटा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला फिरंगी पारा एवं सेंट मैरी हायर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। वार्ड पार्षद भागवत साहू ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी।

छात्र-छात्राओं ने मनमोहक नृत्य और गायन से कार्यक्रम में रंग जमा दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मौजूद अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यालय परिसर में पूरे समय देशभक्ति का माहौल बना रहा।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार
समारोह के दौरान विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पार्षद भागवत साहू और उपस्थित अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकल्प लिया।
