माइनिंग की जब्ती के बाद फिर घाट में पोकलेन, पानी घटते ही नदी में उतरने की तैयारी?
सोढ़ा खुर्द के पेसा क्षेत्र में बंद रेत घाट पर मशीन खड़ी, गांव में घर बनाने रेत नहीं और घाट से बाहर सप्लाई पर सवाल
कोटा। ग्राम पंचायत सोढ़ा खुर्द के पेसा क्षेत्र में स्थित रेत घाट जून से बंद है, लेकिन घाट परिसर में पोकलेन मशीन अब भी खड़ी है। घाट बंद होने के बावजूद मशीन की मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पानी कम होते ही क्या यही पोकलेन नदी में उतरेगी और रेत का उत्खनन फिर शुरू होगा?

खास बात यह है कि इसी मशीन पर पूर्व में सुशासन तिहार के दौरान मामला सामने आने के बाद माइनिंग विभाग ने जब्ती की कार्रवाई की थी। इसके बावजूद वही पोकलेन दोबारा बंद रेत घाट में पहुंच गई। जब घाट बंद है तो मशीन को यहां रखने की जरूरत क्या है?

घाट बंद, फिर पक्का निर्माण किसकी अनुमति से? – रेत घाट बंद होने के बाद भी घाट परिसर में पक्के मकान का निर्माण चल रहा है। निर्माण सामग्री भी मौके पर मौजूद है। ऐसे में सवाल उठता है कि बंद घाट परिसर में निर्माण की अनुमति किसने दी? घाट बंद होने के बाद भी ठेकेदार की गतिविधियां जारी रहने पर विभाग की नजर क्यों नहीं है?
पानी घटेगा तो नदी में उतरेगी पोकलेन? – नदी का जलस्तर कम होने के साथ रेत उत्खनन का सवाल भी खड़ा हो गया है। यदि घाट बंद है तो पोकलेन को घाट से हटाया क्यों नहीं गया? क्या मशीन पानी कम होने का इंतजार कर रही है? अगर नदी में मशीन उतरी तो जिम्मेदारी किसकी होगी?
गांव में रेत नहीं, बाहर सप्लाई कैसे – जिस क्षेत्र में रेत घाट है, उसी गांव के लोगों को घर बनाने के लिए रेत के लिए परेशान होना पड़ रहा है। दूसरी ओर इसी क्षेत्र से रेत बाहर भेजे जाने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों को रेत नहीं मिल रही, लेकिन बाहर भेजने के लिए रेत कहां से आ रही है? यह स्थिति व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
पहले जब्ती, फिर उसी घाट में पोकलेन – सबसे बड़ा सवाल माइनिंग विभाग की कार्रवाई और निगरानी को लेकर है। जिस पोकलेन पर पहले जब्ती की कार्रवाई हो चुकी है, वही मशीन फिर बंद घाट में खड़ी दिखाई दे रही है। कार्रवाई के बाद मशीन घाट तक दोबारा कैसे पहुंची?
घाट बंद है, पोकलेन खड़ी है और निर्माण कार्य भी चल रहा है। ऐसे में अब निगाहें माइनिंग विभाग की अगली कार्रवाई पर हैं। क्या विभाग पानी कम होने से पहले मशीन हटाएगा या नदी में उतरने के बाद ही जागेगा?
