कोटा में गौवंश वध और गोमांस बिक्री का भंडाफोड़, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार।
कोटा | बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौवंश के अवैध वध और गोमांस बिक्री के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 35.40 किलोग्राम गोमांस, वध में प्रयुक्त हथियार और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 1 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दर्रीकापा निवासी राहुल अनंत और राकेश अनंत अपने घर में अवैध रूप से गौवंश का वध कर उसका मांस संग्रहित कर बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जांच शुरू की।
जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने राकेश अनंत (36) पिता रमेश अनंत तथा राहुल अनंत (23) पिता सकरू अनंत, दोनों निवासी ग्राम दर्रीकापा, थाना कोटा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35.40 किलोग्राम गोमांस एवं हड्डियां, चमड़ी काटने में प्रयुक्त दो खुरपा, दो टंगिया तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG-10-BK-9940 जब्त की है।
आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299(3) एवं 5 तथा छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 5 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक मीना ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक नहारूराम साहू, पीएसआई ऊषा निषाद, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह, उमाशंकर राठौर तथा आरक्षक संजय श्याम, ज्वाला सिंह और दीप कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
