फिरंगी पारा स्कूल पहुंचे जनप्रतिनिधि, बच्चों को बांटी अध्ययन सामग्री और चॉकलेट।
कोटा। नगर के फिरंगी पारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में बच्चों को अध्ययन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों को पेन, पेंसिल, रबर और चॉकलेट वितरित किए गए।

बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। बरसात के मौसम को देखते हुए बच्चों को बिना आवश्यकता बारिश में बाहर नहीं निकलने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा प्रतिदिन स्कूल आने की समझाइश भी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों को माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने, अच्छी आदतें अपनाने और भविष्य में एक जिम्मेदार एवं संस्कारी नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका कोटा के वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद भागवत साहू, वार्ड क्रमांक 5 की पार्षद श्रीमती बहुरा यादव, महिला मोर्चा मंडल महामंत्री श्रीमती लीना सिंह तथा श्रीमती सविता नामदेव उपस्थित रहीं। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी ताकत बताया।
