सोनम वांगचुक के समर्थन में आज कोटा में पदयात्रा, रेलवे स्टेशन से जय स्तंभ नाका चौक तक मार्च।
कोटा। शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर वैज्ञानिक एवं शिक्षा सुधार के पक्षधर सोनम वांगचुक के समर्थन में रविवार शाम कोटा नगर में पदयात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों ने इसे पूरी तरह गैर-राजनीतिक और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक कार्यक्रम बताया है।
आयोजकों के अनुसार पदयात्रा शाम 4 बजे कोटा रेलवे स्टेशन से शुरू होकर जय स्तंभ नाका चौक तक पहुंचेगी। इसमें छात्र-छात्राओं, युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, मजदूरों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों और आम नागरिकों से शामिल होने की अपील की गई है।
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन देश की शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के भविष्य और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जनसमर्थन व्यक्त करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। प्रतिभागियों से तिरंगा ध्वज के साथ शांतिपूर्ण तरीके से पदयात्रा में शामिल होने का आग्रह किया गया है।
आयोजकों ने बताया कि बारिश की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम के समय में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है।
