Oplus_131072
कोटा 25 लाख की चोरी का खुलासा चंद घंटों में, घर का ही नाती निकला चोर; पूरा सामान बरामद, परिवार ने कार्रवाई से किया इनकार।
कोटा | कोटा पुलिस ने 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी का मामला महज कुछ घंटों में सुलझा लिया। जांच में सामने आया कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता के ही नाती ने की थी। पुलिस ने आरोपी से चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को मौहारखार निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसके घर से करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संदेह शिकायतकर्ता के नाती पर गया।
थाने लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर झुमके, नेकलेस, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, पायल, करधन, बिछिया, चांदी के सिक्के, कटोरी सहित चोरी गए सभी सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद कर लिया गया।
हालांकि आरोपी परिवार का सदस्य होने के कारण शिकायतकर्ता ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने से इनकार कर दिया। परिवार के सभी सदस्यों ने आपसी सहमति से स्टांप पेपर पर लिखित आवेदन देकर किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करने की इच्छा जताई। इसके चलते मामला पारिवारिक सहमति से समाप्त किया गया।
कोटा पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अपराधों के त्वरित निराकरण के तहत कार्रवाई करते हुए मामले का सफल खुलासा किया गया।
