75 वर्षों का इंतजार समाप्त: मंडी बोर्ड से निर्मित हुई मुख्य सीसी सड़क, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत।
कोटा/बेलगहना। जनपद पंचायत कोटा के अंतर्गत ग्राम पंचायत पंडरा-पथरा में लगभग 75 वर्षों से लंबित मुख्य सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण हो गया है। बर चौक से अरुण गुरुजी के निवास तक सीसी सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो गई है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद पूरे गांव में हर्ष का वातावरण है।

ग्रामवासियों के अनुसार वर्षों से सड़क के अभाव में आवागमन अत्यंत कठिन था। विशेषकर वर्षा ऋतु में कीचड़ एवं जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों ने समय-समय पर जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासन के समक्ष सड़क निर्माण की मांग रखी, किंतु लंबे समय तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी।

ग्राम पंचायत की सरपंच श्वेता मनोज ध्रुव ने पदभार ग्रहण करने के बाद इस सड़क निर्माण को प्राथमिकता में रखा। उनके सतत प्रयासों तथा कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव की अनुशंसा पर मंडी बोर्ड से निर्माण कार्य को स्वीकृति प्राप्त हुई। स्वीकृति मिलने के उपरांत सीसी सड़क का निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूर्ण कराया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत में सांसद निधि से सीसी सड़क एवं मंच निर्माण जैसे अन्य विकास कार्य भी कराए गए हैं।
सरपंच श्वेता मनोज ध्रुव ने कहा कि गांव की यह सड़क लंबे समय से ग्रामीणों की प्रमुख आवश्यकता थी। संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से यह कार्य संभव हो सका। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ग्राम पंचायत के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
सड़क निर्माण पूर्ण होने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से आवागमन सुगम हो गया है। विशेषकर वर्षा ऋतु में अब लोगों को कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
गौरतलब है कि उक्त सीसी सड़क का निर्माण कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव की अनुशंसा पर मंडी बोर्ड की स्वीकृति एवं निधि से कराया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण किसी अन्य योजना अथवा निधि से नहीं, बल्कि मंडी बोर्ड के माध्यम से स्वीकृत एवं क्रियान्वित किया गया है।
