सावन उत्सव में दिखी महिलाओं की उमंग, स्नेह से कोटा नगर पालिका अध्यक्ष सरोज दुर्गेश साहू का किया गया सम्मान।
कोटा। पंचमुखी हनुमान महिला मंडली कोटा की ओर से पीके रेस्टोरेंट में सावन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसके बाद स्नेहभोज का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कोटा की अध्यक्ष सरोज दुर्गेश साहू भी शामिल हुईं। इस दौरान पंचमुखी हनुमान महिला मंडली की महिलाओं ने उन्हें साड़ी एवं सुहाग सामग्री भेंट कर सम्मानित किया। स्नेह और अपनत्व से मिले इस सम्मान पर सरोज साहू ने महिला मंडली की सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह उपहार उनके लिए केवल भेंट नहीं, बल्कि बहनों के प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद की अनमोल निशानी है। उन्होंने सावन उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर महिला मंडली की सदस्यों ने सावन पर्व की खुशियां साझा कीं और कार्यक्रम को यादगार बनाया।
