बिना लाइसेंस क्लीनिक में रखी थीं 36 तरह की दवाइयां, खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने किया जब्त।
खमरिया में सोमू मेडिकल स्टोर्स के पीछे स्थित क्लीनिक में कार्रवाई, दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
बिलासपुर, । तखतपुर विकासखंड के ग्राम खमरिया में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति के दवाइयों के भंडारण के मामले में कार्रवाई की है। टीम ने सोमू मेडिकल स्टोर्स के पीछे स्थित क्लीनिक की जांच के दौरान बीरेन्द्र मलिक के पास से 36 प्रकार की औषधियां बरामद कर विधिवत जब्त कीं। जब्त दवाओं के नमूने निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन को मिली सूचना के आधार पर टीम ने क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के विभिन्न प्रकार की दवाइयों का भंडारण किया जा रहा था। विभाग के अनुसार यह औषधि अधिनियम, 1940 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
मौके पर पहुंची टीम ने दवाइयों की जांच कर उन्हें जब्त किया। इसके बाद औषधियों के नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल के मार्गदर्शन और सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक सुनील पंडा द्वारा की गई।
वैध मेडिकल स्टोर से ही दवा खरीदने की अपील
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति के दवाइयों का क्रय-विक्रय अथवा भंडारण नियमों का उल्लंघन है। विभाग की ओर से जिले में अवैध औषधि कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने औषधि व्यवसायियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल वैध अनुज्ञप्तिधारी मेडिकल स्टोर से ही दवाइयां खरीदें। बिना लाइसेंस दवाओं के भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।
