कोटा नगर पालिका में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, वार्ड 11 और 8 में बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक।

कोटा। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को नगर पालिका कोटा के वार्ड क्रमांक 11 एवं 8 में पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी गुप्ता सर की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने घर-घर पहुंचकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाई।
वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद कान्हा संतोष गुप्ता ने स्वयं अभियान में भाग लेते हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई और अभिभावकों को इस अभियान के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक देना आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि जिन बच्चों की आयु 0 से 5 वर्ष के बीच है, उन्हें बिना किसी चूक के पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य को बनाए रखने के लिए सभी पात्र बच्चों तक दवा पहुंचाना बेहद जरूरी है। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा वार्डों में विशेष अभियान चलाकर बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि “दो बूंद जिंदगी की” हर बच्चे के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
