वार्ड 12 आमापारा में ढीले बिजली तार और जर्जर खंभे की समस्या को लेकर उप अभियंता को सौंपा गया आवेदन।
कोटा के वार्ड क्रमांक 12 आमापारा मस्जिद के पास बिजली से जुड़ी गंभीर समस्या को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने कोटा के उप अभियंता से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

भारतीय जनता युवा मोर्चा बिलासपुर ग्रामीण के जिला मंत्री सुरज साहू एवं जिला उपाध्यक्ष अमन अग्रहरि ने कोटा के उप अभियंता आशीष कुमार माहेश्वरी से मुलाकात कर वार्ड और नगर की बिजली संबंधी समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने बताया कि आमापारा मस्जिद के पास कई दिनों से बिजली के तार बहुत ढीले हो चुके हैं तथा बिजली का खंभा भी जंग लगने के कारण काफी कमजोर हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस स्थान के सामने कई घर हैं और आसपास बच्चे प्रतिदिन खेलते रहते हैं। साथ ही सड़क किनारे कई गाड़ियां और मोटरसाइकिल भी खड़ी रहती हैं। ऐसे में भीषण गर्मी या तेज हवा चलने की स्थिति में बिजली का तार कभी भी जमीन पर गिर सकता है, जिससे करंट लगने का खतरा बना हुआ है और किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
इस संबंध में जनहित को ध्यान में रखते हुए उप अभियंता को आवेदन सौंपकर ढीले बिजली के तार को जल्द ठीक कराने तथा जर्जर खंभे की मरम्मत या बदलवाने की मांग की गई है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव हो सके।

