जनपद निधि की बाउंड्री वॉल में चंद दिनों में दरार! बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़, भुगतान रोकने की उठी मांग।

कोटा/कोनचरा। जनपद पंचायत कोटा के जनपद क्षेत्र कोनचरा अंतर्गत प्राथमिक शाला अखराडांड में जनपद निधि से निर्मित बाउंड्री वॉल निर्माण के कुछ ही समय बाद दरारों से भर गई है। जून–जुलाई में हुए इस निर्माण में इतनी जल्दी आई दरारों ने कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस बाउंड्री वॉल का निर्माण हुआ है, वह जनपद सदस्य के निवास के समीप ही स्थित है। ऐसे में लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि निर्माण में खामियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं तो अब तक इस पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि मामले की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
सबसे गंभीर पहलू यह है कि यह बाउंड्री वॉल प्राथमिक शाला परिसर की है, जहां छोटे-छोटे बच्चे प्रतिदिन पढ़ने आते हैं। बरसात के मौसम में यदि दीवार का कोई हिस्सा ढहता है और कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? यह सवाल ग्रामीणों के साथ-साथ अभिभावकों को भी चिंतित कर रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए और जब तक गुणवत्ता की जांच पूरी न हो जाए तथा आवश्यक सुधार न कर दिए जाएं, निर्माण कार्य का शेष भुगतान (यदि लंबित हो) रोक दिया जाए। साथ ही, यदि जांच में निर्माण में लापरवाही या वित्तीय अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
मामले को लेकर ग्राम पंचायत को कोनचरा के उप सरपंच शेखर गुप्ता का कहना है की जनप्रतिनिधि के देखरेख में ही अगर भ्रष्टाचार फलने फूलने लगे ऐसे में विकास तो दूर की कौड़ी नजर आती है ऐसे जनप्रतिनिधियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
अब देखना यह होगा कि जनपद पंचायत और संबंधित अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हैं या फिर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे को भी अनदेखा कर दिया जाएगा।
