वीडियो वायरल होने के बाद भी पोंडी रेत घाट पर कार्रवाई नहीं, अवैध परिवहन पर उठे सवाल।
कोटा। पोंडी रेत घाट से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मामला एक बार फिर चर्चा में है। वीडियो वायरल होने के बाद भी अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखी जा रही है।
वायरल वीडियो
सूत्रों के अनुसार, पोंडी रेत घाट से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टर और हाईवा वाहन बिना रॉयल्टी पर्ची के रेत का परिवहन कर रहे हैं। यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि संबंधित विभागों और खनिज विभाग के संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है तथा नियमित रूप से कथित तौर पर “हफ्ता” पहुंचने की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले ट्रैक्टर और हाईवा वाहन कोटा की सड़कों पर ओवरलोड और तेज रफ्तार में बेखौफ दौड़ रहे हैं। बरर से लेकर कोटा नाका चौक तक ओवरलोड और ओवरस्पीड वाहनों के कारण कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं होने से लोगों के बीच यह चर्चा है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी कब तक चुप्पी साधे रहेंगे और अवैध रेत कारोबार पर कब शिकंजा कसेंगे।
इसके अलावा यह भी सवाल उठ रहे हैं कि क्षेत्र के अन्य किन-किन घाटों से अवैध रेत परिवहन किया जा रहा है और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक आंखें मूंदे बैठा रहता है या फिर अवैध रेत कारोबार के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई की जाती है।

