कोरी डेम में दिखेगी बाढ़ से निपटने की तैयारी, मॉक ड्रिल में परखी जाएगी रेस्क्यू टीम की तत्परता।
सुबह 10:30 बजे होगा अभ्यास, विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई की होगी जांच।
बाढ़ जैसी आपदा आने पर प्रशासन और रेस्क्यू टीम कितनी तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सकती है, इसकी तैयारी गुरुवार को कोटा के कोरी डेम में परखी जाएगी। यहां 20 अगस्त को सुबह 10:30 बजे मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
मॉक ड्रिल में बाढ़ की स्थिति बनाकर विभिन्न विभागों और संबंधित एजेंसियों की तैयारियों का अभ्यास किया जाएगा। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान विभागों के बीच आपसी समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखा जाएगा।
यह संयुक्त अभ्यास राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), गृह मंत्रालय भारत सरकार, छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में होगा।
आपदा के समय क्या करें, इसकी भी मिलेगी जानकारी
मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल प्रशासनिक तैयारियों को जांचना ही नहीं, बल्कि आम लोगों को भी बाढ़ जैसी आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है। अभ्यास के जरिए यह भी देखा जाएगा कि आपदा की स्थिति में राहत और बचाव व्यवस्था को किस तरह प्रभावी बनाया जा सकता है।
