गड्ढों में तब्दील कोटा-रतनपुर मार्ग, नंगे पांव महादेव की राह पर निकलेंगे भक्त,
जर्जर सड़क पर आस्था की परीक्षा: बेलपान से रतनपुर तक पदयात्रा कर श्रद्धालु करेंगे भगवान महादेव का जलभिषेक।
कोटा। कोटा-रतनपुर मुख्य मार्ग की बदहाली अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो रहा है।

इसी बदहाल मार्ग से बेलपान के श्रद्धालु नंगे पांव पदयात्रा करते हुए रतनपुर पहुंचेंगे। भक्त भगवान महादेव की भक्ति में लीन होकर रतनपुर पहुंचकर महादेव का रुद्राभिषेक करेंगे। एक ओर श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का जज्बा है, तो दूसरी ओर जर्जर सड़क उनके लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
सड़क की बदहाली पर उठ रहे सवाल
कोटा-रतनपुर मार्ग क्षेत्र का प्रमुख आवागमन मार्ग है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस सड़क से गुजरते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब इसी मार्ग से श्रद्धालु नंगे पांव भगवान महादेव की भक्ति में पदयात्रा करेंगे, तब सड़क की बदहाली प्रशासन और संबंधित विभाग के लिए भी एक बड़ा सवाल होगी।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराकर मार्ग को आवागमन के लिए सुरक्षित बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं के साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।
आस्था के कदम नंगे पांव होंगे, लेकिन सवाल सड़क की बदहाली पर उठेंगे—क्या प्रशासन श्रद्धालुओं की पदयात्रा से पहले सड़क की सुध लेगा?
