होली पर कोटा पुलिस की पैनी नजर: हुड़दंगियों, बदमाशों और अवैध शराब बिक्री पर सख्ती।
कोटा। रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए कोटा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम करने की तैयारी शुरू कर दी है। शहर में हुड़दंगियों, बदमाशों और अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहेगा, वहीं प्रमुख चौराहों और बाजारों में लगातार गश्त की जाएगी।
होली के दौरान नशे में वाहन चलाने, जबरन रंग लगाने और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाकर वाहन चालकों की जांच की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।
त्योहार के मौके पर अवैध शराब बिक्री पर भी विशेष नजर रहेगी। शहर के नामी ढाबों और रेस्टोरेंट्स की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। ब्लैक में शराब बेचने या बिना लाइसेंस परोसने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। हालांकि आमजन में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या आबकारी विभाग की सक्रियता के अभाव में पुलिस अकेले इस चुनौती से निपट पाएगी या फिर कुछ स्थानों पर नजरअंदाज की स्थिति बनी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और त्योहार के नाम पर किसी को भी अव्यवस्था फैलाने की छूट नहीं दी जाएगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
स्पष्ट है कि इस बार होली पर कोटा पुलिस की जिम्मेदारी बड़ी है और शहर की सुरक्षा व्यवस्था उसकी सतर्कता की कसौटी पर होगी।

