ग्राम पंचायत पंडरा पथरा में ग्राम संगठन अधिवेशन आयोजित महिलाओं ने पेयजल समस्या उठाई – मुख्य अतिथि जिला ग्रामीण महिला मोर्चा अध्यक्ष गायत्री साहू पहुंची।

बेलगहना- ग्राम पंचायत भवन पंडरा पथरा में स्व-सहायता समूहों के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम संगठन अधिवेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना रहा।

इस आयोजन में पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं तथा स्थानीय स्कूल के बच्चों की उल्लेखनीय सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला ग्रामीण महिला मोर्चा अध्यक्ष गायत्री साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। अधिवेशन के दौरान महिलाओं ने गांव में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को प्रमुख मुद्दे के रूप में सामने रखा। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि पानी की कमी के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और गर्मी के मौसम में समस्या और बढ़ जाती है।
इस पर मुख्य अतिथि ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से चर्चा की और ग्राम में बोर खनन की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
अधिवेशन के दौरान महिलाओं ने गांव में “महतारी सदन” निर्माण की मांग भी रखी, ताकि स्व-सहायता समूह की बैठकें एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा सकें।
इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए महतारी सदन निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर जल्द कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए स्व-सहायता समूहों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्हें समूह के माध्यम से बैंक से प्राप्त ऋण का उपयोग छोटे व्यवसाय, पशुपालन, सिलाई-कढ़ाई और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों में करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें स्कूल के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
ग्राम पंचायत सचिव आनंद जायसवाल ने प्रस्तुति देने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए पेन देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम के जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से महिलाओं में जागरूकता बढ़ती है और गांव के विकास कार्यों को गति मिलती है। ग्रामीणों ने भी ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित करने की मांग की।

